शिर्डी में बनेगा पांच सितारा होटल, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुंबई, 17 नवंबर । महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र शिर्डी को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शिर्डी हवाई अड्डे के परिसर में अब पांच सितारा होटल विकसित किया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी और इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (ताज समूह) के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में मंत्रालय में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस परियोजना से शिर्डी आने वाले साईं भक्तों, पर्यटकों और हवाई यात्रियों को विश्वस्तरीय आवास एवं आतिथ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उम्मीद जताई कि इस होटल के निर्माण से शिर्डी के पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्र में निवेश एवं रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इस अवसर पर फडणवीस ने कहा कि शिर्डी देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां श्री साईं बाबा के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। शिर्डी एयरपोर्ट शुरू होने से क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी में सुधार हुआ है। अब एयरपोर्ट परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित होने से धार्मिक पर्यटन को और विस्तार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिष्ठित ताज होटल समूह की भागीदारी इस परियोजना को विशेष महत्व देती है। महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी और ताज समूह के संयुक्त प्रयासों से शिर्डी तथा आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। होटल परियोजना से पर्यटन कारोबार के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की भी संभावना है।
उन्होंने अधिकारियों को शिर्डी हवाई अड्डे के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि एयरपोर्ट का विस्तार और बेहतर सुविधाएं धार्मिक पर्यटन के साथ पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी।
इस अवसर पर वन मंत्री गणेश नाईक, राज्यमंत्री एडवोकेट आशीष जयसवाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव लोकेश चंद्र, अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय सेठी, महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी के प्रबंध निदेशक दीपक कपूर तथा इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (ताज समूह) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

