CityMumbai

नवनिर्वाचित नगरसेवकों की बैठक में शेळके वसई-विरार मनपा में भाजपा गुट नेता नियुक्त

मुंबई, 27 जनवरी। वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीसीएमसी) में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गुट नेता के रूप में अशोक शेळके को सर्वसम्मति से चुना गया है। भाजपा के 43 नवनिर्वाचित नगरसेवकों की बैठक में उनके नाम पर आधिकारिक मुहर लगाई गई। वीवीसीएमसी चुनाव में भाजपा ने 43 सीटें जीतकर पहली बार सदन में एक शक्तिशाली विपक्षी दल के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।नवनियुक्त गुट नेता अशोक शेळके ने इससे पूर्व भाजपा युवा मोर्चा के सचिव के रूप में कार्य करते हुए कई आक्रामक आंदोलनों का नेतृत्व किया है। स्थानीय नागरिक समस्याओं को मुखरता से उठाने और उन्हें हल करने के लिए वे पहचाने जाते हैं। एक युवा, अध्ययनशील और जुझारू कार्यकर्ता के रूप में उनकी विशेष पहचान है। प्रभाग क्रमांक 22 से अशोक शेळके के साथ भाजपा का पूरा पैनल विजयी रहा है।नालासोपारा में आयोजित इस बैठक में भाजपा सांसद हेमंत सवरा, संगठन मंत्री हेमंत म्हात्रे, विधायक राजन नाईक, विधायक स्नेहा दुबे-पंडित, जिलाध्यक्ष प्रज्ञा पाटिल, पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र पाटिल, महामंत्री मनोज बारोट, जोगेंद्र प्रसाद चौबे और विजेंद्र कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित थे। मनोज बारोट ने मीडिया को जानकारी दी कि बैठक में गुट नेता का चयन सर्वसम्मति से करने का निर्णय लिया गया, जिसके आधार पर अशोक शेळके की नियुक्ति की गई।