Mumbai

विशेष वर्ग की लाडली बहनों को मिलेगा सितंबर का दिवाली गिफ्ट

मुंबई, 28 अक्टूबर । महाराष्ट्र सरकार ने मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीन योजना के तहत अनुसूचित जाति और नव-बौद्ध वर्ग की पात्र महिलाओं को दिवाली गिफ्ट देने का फैसला किया है। सितंबर महीने की 1500 रुपये की किस्त देने के लिए 344.62 करोड़ रुपये के फंड के वितरण को मंज़ूरी दी गई है। सामाजिक न्याय विभाग ने इस बारे में शासनादेश जारी कर दिया है।

लाभार्थी इस बात का इंतज़ार कर रहे हैं कि दिवाली से पहले महिलाओं के अकाउंट में पैसे जमा होंगे या नहीं। लेकिन फंड वितरण को मंजूरी मिल गई है। हालांकि बैंक खाते में पैसे जमा होने की तारीख अभी साफ नहीं है। चालू वित्तीय वर्ष में योजना के अनुसूचित जाति हिस्से के लिए 3 हज़ार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें से 344.62 करोड़ रुपये बजट फंड डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम के ज़रिए महिला व बाल विकास विभाग को सितंबर महीने के फायदे के लिए ट्रांसफर कर दिए गए हैं।

इस फंड का इस्तेमाल सिर्फ अनुसूचित जाति और नव-बौद्ध कैटेगरी की पात्र महिलाओं के लिए करने का निर्देश दिया गया है। यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि लाभार्थियों की पात्रता जांच की जाए और जो महिलाएं पात्र नहीं हैं उन्हें फ़ायदा न मिले। यह फ़ैसला एक विशेष वर्ग की पात्र महिलाओं के लिए है। इसका मतलब यह नहीं है कि यह राज्य के सभी पात्र लाभार्थियों की सितंबर की किस्त से जुड़ा फ़ैसला है।