फिल्म अभिनेता कमाल आर खान को फायरिंग मामले में न्यायिक कस्टडी
एक्टर पर पब्लिक में गोली चलाने का आरोप है, पुलिस मामले की जांच कर रही है
मुंबई, 27 जनवरी । फिल्म अभिनेता कमाल आर खान (केआरके)को मुंबई की अंधेरी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट न्यायालय ने मंगलवार को ओशिवारा इलाके में फायरिंग के एक मामले में न्यायिक कस्टडी में भेज दिया है।
कमाल खान के वकील ने बताया कि फायरिंग मामले में पुलिस कस्टडी समाप्त होने के बाद केआरके को मंगलवार को मुंबई की अंधेरी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने कमाल खान को १४ दिनों तक न्यायिक कस्टडी में भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि ओशिवारा की एक रिहायशी बिल्डिंग में पिछले सप्ताह फायरिंग की घटना हुई थी। फायरिंग की खबर मिलने के बाद, पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज देखे और कई लोगों से बात की, इसके बाद कमाल खान को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद न्यायालय ने कमाल खान को २७ जनवरी तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया था।
इस मामले में ओशिवरा पुलिस ने अदालत को बताया कि पूछताछ के दौरान कमाल खान ने यह कबूल किया है कि फायरिंग उनकी लाइसेंसी बंदूक से हुई थी । जबकि कमाल खान के वकील नागेश मिश्रा ने इस मामले को “मनगढ़ंत” बताया है। नागेश मिश्रा ने कहा, “पुलिस का कहना है कि मैंने [खान] अपनी [खान की] बंदूक से गोली चलाई। लेकिन यह सही नहीं है। गोली की अधिकतम क्षमता 20 मीटर है, और जिस जगह से यह बंदूक चलाई गई थी, वह 400 मीटर की दूरी पर थी। यह संभव नहीं है। बॉलीवुड के कई बड़े नाम पुलिस को इस मामले में उसे फंसाने के लिए उकसा रहे हैं।”

