Mumbai

महाराष्ट्र में लिफ्ट और एस्केलेटर सुरक्षा के नए नियम लागू, बच्चों के लिए वयस्क की निगरानी अनिवार्य

मुंबई, 17 नवंबर । महाराष्ट्र सरकार ने लिफ्ट दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिफ्ट एवं एस्केलेटर के इस्तेमाल से जुड़े नए सुरक्षा नियम लागू किए हैं। नए नियमों के तहत 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी वयस्क की देखरेख के बिना लिफ्ट या एस्केलेटर का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी। ये नियम 1 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गए हैं।

नए प्रावधानों के तहत मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र की हाउसिंग सोसाइटियों की जिम्मेदारी बढ़ा दी गई है। अब सोसाइटियों को अधिकृत ठेकेदारों के माध्यम से हर महीने लिफ्ट की सर्विसिंग करानी होगी। इसके अलावा, प्रत्येक लिफ्ट का साल में एक बार सुरक्षा ऑडिट कराना भी अनिवार्य होगा।

सरकार ने लिफ्ट के लिए थर्ड-पार्टी बीमा को भी अनिवार्य कर दिया है। वहीं, पुरानी लिफ्टों की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे, स्वचालित बचाव उपकरण (ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस) और ओवरलोड सुरक्षा उपकरण लगाने की समयसीमा 28 अक्टूबर 2027 तय की गई है।

नियमों के अनुसार, लिफ्ट में किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर संबंधित विद्युत निरीक्षक और स्थानीय पुलिस को 24 घंटे के भीतर इसकी सूचना देना अनिवार्य होगा। सरकार के इन नए सुरक्षा प्रावधानों का उद्देश्य लिफ्ट दुर्घटनाओं को रोकना, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आवासीय परिसरों में लिफ्ट के रखरखाव की जवाबदेही तय करना है।