Mumbai

एनसीपी विधायकों ने की सूखाग्रस्त किसानों की मदद, एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री सहायता निधि में दिया

मुंबई, 17 नवंबर । महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों की सहायता के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने सराहनीय पहल की है। विधानसभा और विधान परिषद के पार्टी विधायकों ने अपना एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री सहायता निधि में देने का निर्णय लिया है।

मंगलवार को मंत्रालय में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख सुनेत्रा पवार के नेतृत्व

में पार्टी विधायकों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को अपने वेतन की राशि के चेक सौंपे।

उप मुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख सुनेत्रा पवार ने कहा कि संकट की इस घड़ी में किसानों के साथ मजबूती से खड़ा होना और उन्हें हरसंभव मदद पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अजित पवार ने हमेशा किसानों के हितों को सर्वोपरि रखा और जरूरत के समय उनकी मदद करने की सीख दी। किसानों के दुख-दर्द में सहभागी बनना और उनकी समस्याओं के समाधान में योगदान देना ही अजित पवार के विचारों और विरासत को आगे बढ़ाने का सच्चा प्रयास है।

पार्टी नेताओं ने दोहराया कि एनसीपी किसानों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेगी। इस पहल के माध्यम से पार्टी ने सूखे से प्रभावित किसानों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने का प्रयास किया है।

इस अवसर पर एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, वरिष्ठ नेता एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटील, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि झिरवाल, कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे और महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिती तटकरे सहित पार्टी के अन्य विधायक उपस्थित रहे।