Mumbai

महाराष्ट्र नें शीत लहर की चेतावनी

मुंबई, 9 दिसंबर । महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है, जिससे गुलाबी ठंड बढ़ गई है। इस बीच मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। इसके साथ ही, अगले दो से तीन दिनों तक मध्य महाराष्ट्र, खानदेश और विदर्भ में शीत लहर की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तर भारत से ठंडी हवा का प्रवाह बढ़ने के कारण राज्य में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कमी का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि इस दौरान न्यूनतम तापमान 16 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। सोमवार को मौसम विभाग के कोलाबा केंद्र पर न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि सांताक्रूज केंद्र पर 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान यवतमाल में दर्ज किया गया। वहां न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद गोंदिया में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस, अमरावती में 9.6 डिग्री सेल्सियस, नांदेड़ में 9.9 डिग्री सेल्सियस, मालेगांव में 9 डिग्री सेल्सियस, जलगांव में 9.4 डिग्री सेल्सियस और अहिल्यानगर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो दिन पहले विदर्भ में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई थी। हालांकि, अगले दो से तीन दिनों तक शीतलहर जारी रहने के कारण इस इलाके में सबसे ज्यादा सर्द पड़ेगी।

अहिल्यानगर, पुणे, पुणे घाट इलाका, धुले, जलगांव, नंदुरबार, नासिक, नासिक घाट इलाका, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड़, अमरावती, गोंदिया, नागपुर, वर्धा और यवतमाल में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।