देश भर के खुदरा दुकानों पर पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं: सरकार
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने आज कहा कि देशभर के खुदरा दुकानों पर पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मंत्रालय ने बताया कि तमिलनाडु के एक खुदरा विक्रेता के यहां खुले कंटेनर में पेट्रोल बेचे जाने की जानकारी मिली है। मंत्रालय ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे खुले या अनुचित कंटेनरों में ईंधन न लें और न ही उसका भंडारण करें, क्योंकि इससे सुरक्षा को गंभीर खतरा है। मंत्रालय ने कहा कि संबंधित पेट्रोल पंप को निलंबित कर दिया गया है और उचित कार्रवाई की गई है। मंत्रालय ने सभी खुदरा विक्रेताओं और डीलरों को ईंधन बेचते समय सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है और चेतावनी दी है कि किसी भी उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

