विदेश मंत्री जयशंकर किंग्स्टन पहुंचे; जमैका की उनकी समकक्ष कामिना जे स्मिथ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर जमैका, सूरीनाम और त्रिनिदाद और टोबैगो की आधिकारिक यात्रा पर हैं और आज सुबह जमैका के किंग्स्टन पहुंच गए हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने बताया कि जमैका की उनकी समकक्ष कामिना जे. स्मिथ ने उनका स्वागत किया। मंत्री ने आगे कहा कि वे अगले दो दिनों में जमैका के नेतृत्व, व्यापार समुदाय और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस महीने की 10 तारीख तक चलने वाली अपनी यात्रा के दौरान डॉ. जयशंकर तीनों देशों के नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। उनके समकक्षों के साथ होने वाली चर्चा में द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं के साथ-साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों को भी शामिल किया जाएगा। इस यात्रा का उद्देश्य जमैका, सूरीनाम और त्रिनिदाद और टोबैगो के साथ भारत की राजनीतिक गतिविधियों को गति देना और इन देशों के साथ दीर्घकालिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देना है, जो दक्षिण-दक्षिण सहयोग और विकास के प्रति पारस्परिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। डॉ. जयशंकर के इन देशों में प्रमुख व्यावसायिक नेताओं और भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ द्विपक्षीय बैठकें और बातचीत करने की भी उम्मीद है।

