Health/Food

पाचन से इम्युनिटी तक, अचार के फायदे जो दादी-नानी जानती थीं

भारतीय खान-पान में अचार का महत्व सिर्फ स्वाद बढ़ाने तक सीमित नहीं रहा है। सदियों से अचार को सेहत के नजरिए से भी भोजन का अहम हिस्सा माना जाता रहा है। पहले के दौर में घरों में अचार बड़ी मेहनत, सही मसालों और मौसम का ध्यान रखते हुए तैयार किया जाता था, ताकि वह लंबे समय तक सुरक्षित रहे और खाने का स्वाद भी बनाए रखे।

दादी और नानी का मानना था कि सही तरीके से बनाया गया अचार पाचन को दुरुस्त रखता है, भूख बढ़ाता है और साधारण से खाने को भी संतुलित और स्वादिष्ट बना देता है। आज भले ही फास्ट फूड और पैकेज्ड खाने का चलन बढ़ गया हो, लेकिन पारंपरिक स्वाद और उनके फायदे आज भी लोगों की थाली में अपनी जगह बनाए हुए हैं।

अचार और सेहत का पुराना रिश्ता

पहले अचार को सिर्फ स्वाद बढ़ाने वाला नहीं, बल्कि गट हेल्थ सुधारने का घरेलू उपाय माना जाता था। नमक, सरसों के तेल और देसी मसालों से तैयार अचार पाचन तंत्र को सक्रिय रखने में मदद करता था। यही कारण है कि दाल-चावल, पराठे या खिचड़ी के साथ थोड़ा सा अचार जरूर परोसा जाता था।

सेहत के लिए कौन से अचार हैं ज्यादा फायदेमंद?

लसौड़ा (गुंदा) का अचार
गर्मियों में मिलने वाला लसौड़ा, जिसे इंडियन चेरी भी कहा जाता है, अचार के रूप में काफी लोकप्रिय रहा है। यह प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, फॉस्फोरस और आयरन से भरपूर होता है। इसका अचार पाचन मजबूत करने और शरीर को ठंडक देने में मददगार माना जाता है।

मिर्च, लहसुन और आम का अचार
मिर्च और लहसुन का अचार स्वाद बढ़ाने के साथ पाचन को बेहतर बनाता है। लहसुन में मौजूद एंटीबैक्टीरियल गुण पेट को हेल्दी रखते हैं। वहीं कच्चे आम का अचार भूख बढ़ाने और पाचन को दुरुस्त रखने में सहायक माना जाता है।

अचार में सरसों का तेल और नमक क्यों जरूरी हैं?

सरसों का तेल अचार का सबसे अहम प्राकृतिक प्रिजर्वेटिव माना जाता है। यह न सिर्फ अचार का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि उसे लंबे समय तक खराब होने से भी बचाता है। वहीं नमक बैक्टीरिया और फफूंद से सुरक्षा करता है। यही वजह है कि दादी-नानी अचार में नमक की मात्रा बहुत सोच-समझकर डालती थीं।

आज भी क्यों जरूरी है घर का बना अचार?

आज बाजार में मिलने वाले कई अचारों में प्रिजर्वेटिव और मिलावट आम बात हो गई है। ऐसे में पारंपरिक तरीके से तैयार किया गया घर का अचार स्वाद के साथ-साथ गट हेल्थ के लिए भी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। सही तरीके से बना अचार पाचन को मजबूत करता है और खाने का मजा भी दोगुना कर देता है।