FEATUREDNational

यूपी में ‘इंडिया’ गठबंधन में दरार? अखिलेश यादव के एकतरफा फैसलों पर भड़के इमरान मसूद, बोले- “हम कोई भिखारी नहीं हैं”

उत्तर प्रदेश में विपक्षी ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन की एकजुटता को लेकर एक बार फिर सियासी पारा गरमा गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा और कांग्रेस के लिए एकतरफा सीटें तय किए जाने के कदम पर कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कड़ा ऐतराज जताया है। मसूद ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला और गठबंधन की गंभीरता पर सवाल खड़े किए।

शायराना अंदाज में कसा सपा पर तंज

सपा के रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने शायराना अंदाज में निशाना साधा। उन्होंने एक शेर पढ़ते हुए कहा, “उनको अच्छी नहीं लगती बुलंदी मेरी, उनको शायद मेरी परवाज बहुत खलती है।” मसूद के मुताबिक, यही शेर सपा के मौजूदा रवैये का सटीक जवाब है। सहारनपुर से दो प्रत्याशी उतारने की चर्चाओं पर उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस जब चाहेगी, अपने उम्मीदवार उतार देगी, इस पर अनावश्यक बयानबाजी का कोई औचित्य नहीं है।

“बिना मांगे 26 सीटें घोषित करना तानाशाही जैसा रवैया”

अखिलेश यादव द्वारा कांग्रेस के हिस्से में 26 सीटें तय किए जाने की खबरों पर इमरान मसूद बेहद आक्रामक नजर आए। उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि कांग्रेस ने सपा से सीटों की कोई मांग नहीं की थी, फिर भी उनकी ओर से एकतरफा घोषणा कर दी गई। मसूद ने कहा, “हम कोई भिखारी थोड़ी हैं। अखिलेश यादव कांग्रेस को भिखारी समझ रहे हैं। अगर इस तरह का ‘तानाशाही’ वाला रवैया अपनाया जाएगा, तो मुझ जैसे स्वाभिमानी व्यक्ति को यह बातें बिल्कुल समझ नहीं आएंगी।”

गठबंधन की गंभीरता और दिशा पर उठाए सवाल

गठबंधन धर्म की मर्यादा का जिक्र करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि यदि सहयोगी दलों के बीच इस तरह के एकतरफा फैसले लिए जाएंगे, तो इसे गठबंधन नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि बात कुछ और होती है और जमीन पर कुछ और किया जाता है, जो सपा नेतृत्व में गंभीरता की कमी को दर्शाता है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि अगर सपा वाकई साथ चलना चाहती है, तो उसे साथ चलने के तौर-तरीके सीखने चाहिए।

हाईकमान के फैसले का इंतजार, लक्ष्य पर स्पष्टता की मांग

आगे की रणनीति पर बात करते हुए इमरान मसूद ने कहा कि वे पूरी तरह अपनी पार्टी से बंधे हुए हैं और राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी के निर्देशों के अनुसार ही कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा की घोषणाओं से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, वे अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। अंत में सपा को सीधा संदेश देते हुए मसूद ने कहा कि पहले यह साफ तौर पर तय हो जाना चाहिए कि असल लड़ाई भाजपा से है या फिर कांग्रेस से।