Science

भारत बना एप्पल का प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग और सेल्स हब

काउंटरपॉइंट रिसर्च की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका की टेक दिग्गज कंपनी एप्पल ने 2025 के पहले 11 महीनों में भारत में लगभग 65 लाख iPhone 16 यूनिट्स की बिक्री की, जिससे यह देश का सबसे ज्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन बन गया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस अवधि के दौरान एप्पल ने अपने एंड्रॉयड प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए भारतीय स्मार्टफोन बाजार में मजबूत बढ़त हासिल की। iPhone 15 का भी शीर्ष पांच सबसे ज्यादा बिकने वाले स्मार्टफोनों में शामिल होना, भारत में एप्पल की बढ़ती लोकप्रियता और प्रीमियम सेगमेंट में मजबूत पकड़ को दर्शाता है।

काउंटरपॉइंट के अनुसार, एप्पल का यह प्रदर्शन भारतीय बाजार में उपभोक्ता प्राथमिकताओं में बड़े बदलाव का संकेत देता है, जहां अब तक एंट्री-लेवल और मिड-रेंज स्मार्टफोनों का वर्चस्व रहा है। अब उपभोक्ता तेजी से प्रीमियम डिवाइस की ओर रुख कर रहे हैं।

इस बदलाव को एप्पल की स्थानीय विनिर्माण रणनीति से भी बल मिला है, जिसका उद्देश्य चीन पर निर्भरता घटाना है। कंपनी ने हाल ही में बेंगलुरु, पुणे और नोएडा में तीन नए एप्पल स्टोर खोले हैं, जिससे भारत में उसके कुल रिटेल स्टोर्स की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

इसके अलावा, नो-कॉस्ट ईएमआई, कैशबैक और बैंक-लिंक्ड ऑफर्स जैसे वित्तपोषण विकल्पों ने प्रीमियम स्मार्टफोन को व्यापक उपभोक्ता वर्ग के लिए अधिक किफायती बना दिया है।

उद्योग से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर महीने में भारत से आईफोन के निर्यात में एप्पल ने 2 अरब डॉलर का रिकॉर्ड दर्ज किया। कंपनी के दस्तावेज बताते हैं कि वित्त वर्ष 2025 में एप्पल इंडिया ने घरेलू बाजार में 9 अरब डॉलर की अब तक की सबसे अधिक बिक्री हासिल की।

दस्तावेजों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025 में वैश्विक स्तर पर निर्मित हर पांच में से एक आईफोन का निर्माण या असेंबली भारत में हुई। एप्पल के वैश्विक उत्पादन मूल्य में भारत की हिस्सेदारी लगभग 12 प्रतिशत रही, और कंपनी ने पहली बार देश में प्रो और प्रो मैक्स जैसे हाई-एंड मॉडल्स की स्थानीय असेंबली भी शुरू की।

कंपनी के वित्तीय दस्तावेजों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025 में अमेरिका से एप्पल को 178.4 बिलियन डॉलर का राजस्व प्राप्त हुआ, जो उसके कुल वैश्विक राजस्व का लगभग 43 प्रतिशत है। इसमें भारत से आपूर्ति किए गए आईफोन की भूमिका लगातार बढ़ती जा रही है।