फ्रिज का ठंडा पानी या मटके का पानी – गर्मी में कौन सा ज्यादा हेल्दी?
गर्मी में ठंडा पानी पीना राहत देता है, लेकिन सवाल यह है कि फ्रिज का पानी बेहतर है या मटके का? पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ समीर भाटी बता रहे हैं दोनों में क्या फर्क है और किसे कैसे पीना सही है. गर्मी के मौसम में ठंडा पानी हर किसी की पहली जरूरत बन जाता है. ऐसे में एक सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है कि मटके का पानी ज्यादा फायदेमंद है या फ्रिज का ठंडा पानी पीना बेहतर है. क्या सच में मटके का पानी हेल्दी होता है और फ्रिज का पानी नुकसान पहुंचाता है?
एक्सपर्ट की राय
इस पर पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट ने बातचीत के दौरान साफ तौर पर कहा है कि पानी ठंडा करने के ये दोनों ही तरीके सही हैं. यानि फ्रिज और मटके दोनों का पानी पीने में कोई हर्ज नहीं है, बशर्ते कुछ बातों का ध्यान रखा जाए.
फ्रिज का पानी – फायदे और सावधानियां
फ्रिज का पानी अक्सर जरूरत से ज्यादा ठंडा हो जाता है. ऐसे में बहुत ठंडा पानी पीने से गले में इरिटेशन या असहजता हो सकती है. अगर किसी का गला सेंसेटिव है तो फ्रिज का पानी पीने से गला खराब भी हो सकता है. उन्होंने यह भी बताया कि कुछ मामलों में ज्यादा ठंडा करने की प्रक्रिया के दौरान पानी में मौजूद मिनरल्स पर असर पड़ सकता है.
हालांकि, यह हर स्थिति में नहीं होता. इसके अलावा फ्रिज का सबसे बड़ा फायदा इसकी सुविधा है. इसमें पानी जल्दी ठंडा हो जाता है और स्टोर करना भी आसान होता है और हाइजीन मेंटेंन करना भी मुश्किल नहीं है.
मटके का पानी – क्यों माना जाता है बेहत
मटके का पानी प्राकृतिक तरीके से ठंडा होता है, इसलिए यह ज्यादा ठंडा नहीं होता और गले के लिए भी आरामदायक माना जाता है. इसलिए जिन्हें ज्यादा ठंडे पानी से दिक्कत है उनके लिए मटका सही है.
एक्सपर्ट की सलाह – किसे क्या चुनना चाहिए?
मटके में पानी के मिनरल्स सामान्य रूप से बने रहते हैं. हालांकि, मटके के इस्तेमाल में साफ-सफाई का खास ध्यान रखना जरूरी है. अगर मटका खुला रह जाए या उसमें गंदगी या कीड़े चले जाएं, तो वही पानी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है.
फ्रिज और मटके का पानी – किसे चुनें?
कुल मिलाकर, ये कहना सही नहीं होगा कि फ्रिज का पानी खराब है या मटके का पानी ही सबसे अच्छा है. सही तरीका यह है कि दोनों का इस्तेमाल अपनी जरूरत और परिस्थितियों के हिसाब से किया जाए.
पानी पीते समय किन बातों का रखें ध्यान?
अगर बहुत ज्यादा ठंडा पानी आपको सूट नहीं करता, तो मटके का पानी बेहतर विकल्प हो सकता है. वहीं, सुविधा और तुरंत ठंडा पानी चाहिए, तो फ्रिज का इस्तेमाल किया जा सकता है.
गर्मी में पानी पीना जरूरी है, लेकिन उससे ज्यादा जरूरी है सही तरीके से पानी पीना. चाहे मटका हो या फ्रिज, साफ पानी और संतुलित तापमान ही आपकी सेहत के लिए सबसे बेहतर है.

