केंद्रीय कृषि मंत्री ने कृषि विज्ञान केंद्रों को मजबूत करने की रणनीति की समीक्षा की
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश भर के कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की। नई दिल्ली में आयोजित बैठक के दौरान, श्री चौहान ने इस बात पर प्रकाश डाला कि वर्तमान में देश में 731 केवीके हैं और इनके नेटवर्क का विस्तार करते हुए, छोटे किसानों के लाभ के लिए इन्हें और मज़बूत करना आवश्यक है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि केवीके किसानों तक पहुँचने के प्राथमिक माध्यम के रूप में कार्य करते हैं और तकनीक के प्रसार, प्रशिक्षण और कृषि नवाचारों को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री चौहान ने केवीके को एकीकृत कृषि और प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने वाली आदर्श पहल विकसित करने के निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि केवीके को उनके कामकाज को सुव्यवस्थित करने और उनकी दक्षता बढ़ाने के लिए पर्याप्त वित्तीय, मानव संसाधन और तकनीकी सहायता प्रदान की जाए।

