FEATUREDNationalPopular

पहलगाम आतंकवादी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की प्रतिक्रिया पर 28 जुलाई को लोकसभा में विशेष चर्चा होगी

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि पहलगाम आतंकवादी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की प्रतिक्रिया पर सोमवार को लोकसभा में विशेष चर्चा होगी।

कल नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए, श्री रिजिजू ने कहा कि यह निर्णय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में हुई कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में लिया गया। उन्होंने बताया कि लोकसभा में इस पर चर्चा के लिए 16 घंटे का समय निर्धारित किया गया है, जबकि राज्यसभा में मंगलवार को इस पर 16 घंटे चर्चा होगी। श्री रिजिजू ने कहा कि विपक्षी दल ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग कर रहे थे और सरकार पहले दिन से ही इस पर सहमत थी।

श्री रिजिजू ने आगे कहा कि संसद की सुचारू कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए सभी दलों के बीच आम सहमति बन गई है। उन्होंने विपक्षी दलों से सत्र को बाधित न करने की अपील की। न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने के मुद्दे पर संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सभी राजनीतिक दल इस बात पर सहमत हैं कि न्यायमूर्ति वर्मा को हटाने का मुद्दा संयुक्त रूप से उठाया जाना चाहिए।