लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उम्मीद जताई कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सभी देश एक साथ खड़े होंगे
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि आतंकवाद सभ्यता और मानव विकास के लिए सबसे बड़ा खतरा है, चाहे वह किसी भी रूप में मौजूद हो। श्री बिरला ने यह टिप्पणी आज नई दिल्ली में श्रीलंकाई संसद के उपाध्यक्ष और समितियों के अध्यक्ष डॉ. रिजवी सलीह के नेतृत्व में श्रीलंकाई संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान की। श्री बिरला ने उम्मीद जताई कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सभी देश एक साझा मोर्चे और रणनीति के साथ एक साथ खड़े होंगे। लोकसभा अध्यक्ष ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करने के लिए श्रीलंकाई संसदीय प्रतिनिधिमंडल को धन्यवाद भी दिया। श्री बिरला ने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत और श्रीलंका के बीच मित्रता साझा सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत मूल्यों पर आधारित है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि साझा बौद्ध विरासत दोनों देशों को जोड़ती है। इस अवसर पर बोलते हुए, डॉ. रिजवी सलीह ने श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल को दिए गए आतिथ्य के लिए श्री बिरला को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत और श्रीलंका दोनों सदियों पुराने घनिष्ठ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध साझा करते हैं। उन्होंने कठिन समय में श्रीलंका को दिए गए सहयोग के लिए भारत को धन्यवाद दिया तथा आशा व्यक्त की कि भारत-श्रीलंका संबंध और अधिक मजबूत होंगे।

