ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय प्रगति के लिए आजीवन प्रतिबद्धता का प्रतीक है: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित देश बनाने के लक्ष्य की फिर से पुष्टि की है। स्वतंत्रता आंदोलन से तुलना करते हुए उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर पिछली पीढ़ियां 20-35 वर्षों में औपनिवेशिक शासकों को बाहर निकाल सकती थीं, तो आज के 140 करोड़ नागरिक अगले 25 वर्षों में विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कल गुजरात के गांधीनगर में गुजरात शहरी विकास की कहानी के 20 साल पूरे होने के समारोह को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने भारत की महत्वपूर्ण आर्थिक वृद्धि पर प्रकाश डाला और वैश्विक प्रतिस्पर्धियों से आगे निकलने पर गर्व व्यक्त किया। भारत के चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर, श्री मोदी ने कहा कि एक पूर्व औपनिवेशिक शक्ति से आगे निकलना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि तीसरे स्थान पर पहुंचने की कोशिश अब जोर पकड़ रही है। उन्होंने 2036 में ओलंपिक की मेजबानी करने की भारत की महत्वाकांक्षा को भी दोहराया, वैश्विक नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए देश की तत्परता को रेखांकित किया।
ऑपरेशन सिंदूर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह अपने मूल दायरे से आगे बढ़ेगा और राष्ट्रीय प्रगति के लिए आजीवन प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य पहल नहीं है, बल्कि हर भारतीय नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से अपने दैनिक उपभोग का आकलन करने, विदेशी उत्पादों की पहचान करने और उन्हें स्थानीय रूप से बने विकल्पों से बदलने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने आर्थिक आत्मनिर्भरता की आवश्यकता पर जोर दिया और स्थानीय विनिर्माण को बढ़ाने और स्वदेशी उद्योगों को समर्थन देने के लिए एक जिला, एक उत्पाद रणनीति की वकालत की। राष्ट्रीय गौरव को प्रोत्साहित करते हुए प्रधानमंत्री ने नागरिकों से मेड इन इंडिया उत्पादों पर गर्व करने और देश की प्रगति का जश्न मनाने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात की एक दिवसीय यात्रा पूरी की, जिसके दौरान उन्होंने 82,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कल गांधीनगर के महात्मा मंदिर में 5,536 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
सोमवार को प्रधानमंत्री ने दाहोद और भुज में 77,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।

