National

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कलार समाज के सामुदायिक भवन का किया भूमिपूजन

राजनांदगांव । लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज राजनांदगांव के बजरंगपुर नवागांव में 30 लाख रूपए की लागत से निर्मित होने वाले कलार समाज के सामुदायिक भवन का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। इस अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय, महापौर मधुसूदन यादव, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मार्यादित राजनांदगांव के अध्यक्ष  सचिन बघेल, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष एमडी ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलार समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के नागरिक उपस्थित थे।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कलार समाज को सामुदायिक भवन निर्माण के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सामाजिक भवन समाज के लोगों को एकजुट करने तथा सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम होते हैं। सामुदायिक भवन के निर्माण से समाज के नागरिकों को विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों, बैठकों, आयोजनों एवं अन्य गतिविधियों के संचालन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता, शिक्षा एवं जागरूकता से ही सामाजिक विकास को नई दिशा मिलती है। सभी समाजों की सहभागिता से ही समृद्ध एवं विकसित समाज का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय ने कलार समाज को सामुदायिक भवन निर्माण के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामुदायिक भवन के निर्माण से समाज के लोगों को विभिन्न आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि सामुदायिक भवन समाज की गतिविधियों के संचालन के साथ ही आपसी मेलजोल एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उल्लेखनीय है कि बजरंगपुर नवागांव में 30 लाख रूपए की लागत से कलार समाज के सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। भवन निर्माण पूर्ण होने के पश्चात समाज के नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मार्यादित राजनांदगांव के उपाध्यक्ष भरत वर्मा, कोमल सिंह राजपूत, चन्द्रिका डड़सेना, शिवशंकर डड़सेना, गंगाराम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कलार समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं समाज के सदस्य उपस्थित थे।