प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में विश्व ऑडियो विजुअल मनोरंजन शिखर सम्मेलन 2025 का उद्घाटन करेंगे
भारत आज मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में पहले विश्व ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट शिखर सम्मेलन (WAVES) 2025 की मेज़बानी करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार दिवसीय शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम ऑडियो-विजुअल और मनोरंजन उद्योग के भविष्य पर चर्चा के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान करेगा। ‘कनेक्टिंग क्रिएटर्स, कनेक्टिंग कंट्रीज’ टैगलाइन वाला यह शिखर सम्मेलन भारत को मीडिया, मनोरंजन और डिजिटल नवाचार के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए तैयार है। यह फ़िल्मों, ओटीटी, गेमिंग, कॉमिक्स, डिजिटल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रसारण और उभरती हुई तकनीक को एकीकृत करेगा, जिससे यह भारत के मीडिया और मनोरंजन कौशल का एक व्यापक प्रदर्शन बन जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी क्रिएटोस्फीयर का भी दौरा करेंगे और 32 क्रिएट इन इंडिया चैलेंज में से चुने गए क्रिएटर्स से बातचीत करेंगे।

