दिवाली-छठ पर उधना स्टेशन प्रशासन ने 2.70 लाख यात्रियों की भीड़ किया प्रबंधन
मुंबई, 13 नवंबर। दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ के बावजूद पश्चिम रेलवे ने यातायात प्रबंधन में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। 1 से 10 नवंबर 2026 के बीच पश्चिम रेलवे पर करीब 73 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष के त्योहारी सीजन की तुलना में 2 लाख अधिक है। इस दौरान अकेले उधना स्टेशन पर लगभग 2.70 लाख यात्रियों की आवाजाही का प्रबंधन किया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए 250 से अधिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी संचालित किए गए।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, दिवाली से पहले के तीन दिनों में उधना स्टेशन पर कुल 111 ट्रेनों का परिचालन किया गया। इनमें 27 नियमित और 19 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें स्टेशन से रवाना हुईं। वहीं, 7 और 8 नवंबर की रात महज 15 घंटे में 45 हजार से अधिक यात्रियों को संभाला गया। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की भी व्यवस्था की गई।
यात्रियों की सुरक्षित और व्यवस्थित आवाजाही के लिए 31 अक्टूबर को उधना स्टेशन पर 10 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में यात्री होल्डिंग एरिया शुरू किया गया। यह देश का सबसे बड़ा यात्री होल्डिंग एरिया है, जहां एक समय में 15 हजार से अधिक यात्री ठहर सकते हैं। यहां 10 टिकट बुकिंग काउंटर, पेयजल, शौचालय, बेबी फीडिंग रूम और वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों के लिए बैठने की विशेष व्यवस्था है। निगरानी के लिए 55 एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे और 146 स्पीकरों वाला पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया गया है।
सूरत और उधना स्टेशनों पर भीड़ कम करने के लिए उत्राण को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा बांद्रा टर्मिनस, सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद और साबरमती सहित प्रमुख स्टेशनों पर यात्री होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। टिकटिंग के लिए अतिरिक्त काउंटर, एटीवीएम और मोबाइल यूटीएस कर्मचारियों की तैनाती की गई। आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने भी सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली। पश्चिम रेलवे ने दशहरा से छठ पूजा तक नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त 2,000 से अधिक स्पेशल ट्रेन फेरे चलाकर यात्रियों को राहत पहुंचाई।

