FEATUREDNationalPopular

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत का रक्षा निर्यात 2030 तक 50,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विश्वास व्यक्त किया है कि भारत का रक्षा निर्यात 2030 तक 50,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। वह कल महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में चैंबर ऑफ मराठवाड़ा इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर – सीएमआईए द्वारा आयोजित ‘मराठवाड़ा – आत्मनिर्भर भारत की रक्षा भूमि’ संवाद सत्र में बोल रहे थे।

मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में रक्षा निर्यात में चालीस गुना उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि 2014 में भारत का रक्षा निर्यात लगभग 600 करोड़ रुपये था, जो आज बढ़कर 24,000 करोड़ रुपये हो गया है।

इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित अन्य लोग मौजूद थे। श्री फडणवीस ने बताया कि दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे के विस्तार के लिए अतिरिक्त 8,000 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा, जो वर्तमान में 10,000 एकड़ में फैला हुआ है। संवाद सत्र के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की घुड़सवार प्रतिमा का अनावरण किया।