FEATUREDNationalPopular

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और अनुप्रिया पटेल ने प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के रथ और 10 अन्य वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ मिलकर नई दिल्ली में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के रथ और दस अन्य वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आज से 7 मार्च तक जन औषधि जन चेतना सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जन औषधि दिवस इस महीने की 7 तारीख को मनाया जाएगा।
इस अवसर पर बोलते हुए श्री नड्डा ने सभी से प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना को जन आंदोलन बनाने का आग्रह किया। मंत्री ने लोगों से अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से इस बारे में बात करने का भी आग्रह किया ताकि वे भी इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि लोगों को कम दरों पर दवाइयाँ उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और सरकार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है। सुश्री पटेल ने कहा कि फार्मास्यूटिकल्स विभाग के माध्यम से जन औषधि जन चेतना सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत कई गतिविधियों के माध्यम से जन जागरूकता फैलाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले जन औषधि केन्द्रों की संख्या केवल 80 थी, लेकिन अब देश के विभिन्न भागों में इनकी संख्या 15 हजार से अधिक हो गई है। मंत्री महोदया ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को जन औषधि केन्द्रों में उपलब्ध सस्ती दवाओं के बारे में पता होना चाहिए और उनका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सरकार की प्राथमिकता है और जन औषधि इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।