विपक्ष के हंगामे से लोक सभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित
नई दिल्ली, 04 अगस्त । लोक सभा की कार्यवाही मंगलवार को विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के कारण प्रश्नकाल नहीं चल पाया और अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से प्रश्नकाल को सुचारु रूप से चलने देने और सदन की कार्यवाही में सहयोग करने की अपील की। हालांकि विपक्षी सदस्य 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर विरोध जताते हुए गृह मंत्री जवाब दो समेत अन्य नारे लगाते रहे।
लगातार जारी हंगामे के बीच अध्यक्ष ने कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जो चर्चा और संवाद के लिए है। उन्होंने कहा, “सदन नारेबाजी का मंच नहीं है। सांसदों की जिम्मेदारी होती है कि वे सदन में चर्चा करें। नारेबाजी से लोगों की अपेक्षाएं पूरी नहीं होंगी। मैं चर्चा के लिए सबको समय दूंगा।”
इसके बावजूद विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहने और प्रश्नकाल नहीं चल पाने के कारण अध्यक्ष ने लोक सभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

