FEATUREDNationalPopular

प्रधानमंत्री मोदी आज नई दिल्ली में भारत टेक्स 2025 में भाग लेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत टेक्स 2025 में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। 
भारत टेक्स 2025, एक प्रमुख वैश्विक आयोजन है, जो 14 से 17 फरवरी तक भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पादों और सहायक उपकरणों सहित संपूर्ण कपड़ा मूल्य श्रृंखला को एक छत के नीचे लाता है। 
आकाशवाणी संवाददाता ने बताया कि भारत टेक्स प्लेटफॉर्म कपड़ा उद्योग का सबसे बड़ा और सबसे व्यापक आयोजन है, जिसमें दो स्थानों पर आयोजित एक मेगा एक्सपो शामिल है, जिसमें सम्पूर्ण कपड़ा पारिस्थितिकी तंत्र का प्रदर्शन किया गया है। 
इसमें वैश्विक स्तर का सम्मेलन भी होगा जिसमें 70 से अधिक सम्मेलन सत्र, गोलमेज बैठकें, पैनल चर्चाएं और मास्टर कक्षाएं शामिल होंगी। 
प्रदर्शनी में विशेष नवाचार और स्टार्टअप मंडप भी होंगे। इसमें हैकथॉन आधारित स्टार्टअप पिच फेस्ट और इनोवेशन फेस्ट, टेक टैंक और डिजाइन चैलेंज भी शामिल होंगे, जो प्रमुख निवेशकों के माध्यम से स्टार्टअप के लिए फंडिंग के अवसर प्रदान करेंगे। 
इस आयोजन में नीति निर्माताओं और वैश्विक सीईओ, 5000 से अधिक प्रदर्शकों, 120 से अधिक देशों के 6000 अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों तथा अन्य आगंतुकों के आकर्षित होने की उम्मीद है। 
अंतर्राष्ट्रीय वस्त्र निर्माता संघ (आईटीएमएफ), अंतर्राष्ट्रीय कपास सलाहकार समिति (आईसीएसी) सहित दुनिया भर के 25 से अधिक अग्रणी वैश्विक वस्त्र निकाय और संघ भी इसमें भाग लेंगे।