कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी 17-18 फरवरी को भारत आएंगे
कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर इस महीने की 17 और 18 तारीख को भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे। उनके साथ मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि कतर के अमीर की यह दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वे मार्च 2015 में भारत आए थे।
शेख तमीम बिन हमद अल-थानी का इस महीने की 18 तारीख को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। अपनी यात्रा के दौरान, अमीर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ चर्चा करेंगे, जो उनके सम्मान में भोज का आयोजन भी करेंगी। अमीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
भारत और कतर के बीच दोस्ती, विश्वास और आपसी सम्मान के गहरे ऐतिहासिक संबंध हैं। हाल के वर्षों में, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच संबंध लगातार मजबूत हुए हैं।
कतर में रहने वाला भारतीय समुदाय कतर का सबसे बड़ा प्रवासी समुदाय है। कतर की प्रगति और विकास में इसके सकारात्मक योगदान की सराहना की जाती है। कतर के अमीर की यात्रा बढ़ती बहुमुखी साझेदारी को और गति प्रदान करेगी।

