FEATUREDInternational

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने IORA बैठक से पहले श्रीलंका, मालदीव, सेशेल्स और मॉरीशस के विदेश मंत्रियों से मुलाकात की

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की। डॉ. जयशंकर ने कहा कि उन्हें हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (IORA) की बैठक के दौरान आगे की बातचीत का इंतजार है।

विदेश मंत्री ने मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम आदम से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-मालदीव संबंधों में हुई प्रगति पर विचारों का आदान-प्रदान किया। साथ ही बहुपक्षीय सहयोग, सुरक्षा और विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।

इससे पहले, डॉ. जयशंकर ने नई दिल्ली में सेशेल्स के विदेश मंत्री बैरी फॉरे से मुलाकात की। दोनों मंत्रियों ने स्वास्थ्य, संपर्क सुविधा, कौशल विकास, ऊर्जा, साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए जन-केंद्रित साझेदारी को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने हिंद महासागर रिम एसोसिएशन में सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।

विदेश मंत्री ने मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफल के साथ भी बैठक की। इस दौरान दोनों नेताओं ने विशेष आर्थिक पैकेज के तहत हुई प्रगति सहित द्विपक्षीय संबंधों के प्रमुख क्षेत्रों की समीक्षा की।

दोनों मंत्रियों ने भारत-मॉरीशस उन्नत रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा भारत की ‘विजन महासागर’ और ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत मॉरीशस की विकास प्राथमिकताओं को समर्थन देने की प्रतिबद्धता दोहराई।