Mumbai

महाराष्ट्र में अगले पांच वर्षों में बुनियादी ढांचे पर 100 अरब डॉलर निवेश का लक्ष्य: मुख्यमंत्री

मुंबई , 25 नवम्बर । महाराष्ट्र सरकार ने अगले पांच वर्षों में राज्य के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में 100 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 25 नवंबर को मुंबई में आयोजित तीसरे विश्व महापौर सम्मेलन के उद्घाटन के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहर आर्थिक विकास के इंजन हैं और नियोजित, टिकाऊ तथा नागरिक-केंद्रित शहरी विकास सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंबई महानगर क्षेत्र में करीब 50 अरब डॉलर के निवेश से मेट्रो, सड़क, पुल, सुरंग, जलापूर्ति और कचरा प्रबंधन जैसी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इसके साथ ही नवी मुंबई हवाई अड्डे के आसपास तीसरी मुंबई और विरार से वाढवण क्षेत्र में चौथी मुंबई विकसित करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि तीसरी मुंबई में एजु-सिटी, स्पोर्ट्स सिटी, मेडि-सिटी और इनोवेशन सिटी विकसित की जाएगी। वहीं, वाढवण में बड़े बंदरगाह का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने धारावी पुनर्विकास परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अगले दस वर्षों में धारावी को मुंबई के नए व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।