कृषि के आधुनिकीकरण में एआई और नई तकनीकों की भूमिका अहम: सुनेत्रा पवार
कराड, 25 नवम्बर । महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने कृषि क्षेत्र को अधिक सक्षम और लाभकारी बनाने के लिए किसानों से आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि खेती में तकनीकी नवाचार का इस्तेमाल किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
कराड में बुधवार को आयोजित 21वें राज्यस्तरीय स्वर्गीय यशवंतराव चव्हाण कृषि, औद्योगिक एवं पशु-पक्षी प्रदर्शनी तथा जिला कृषि महोत्सव का उद्घाटन करते हुए पवार ने कहा कि मौजूदा दौर में जलवायु परिवर्तन और सूखे जैसी समस्याएं कृषि क्षेत्र के सामने बड़ी चुनौती हैं। ऐसे में आधुनिक तकनीक किसानों को इन परिस्थितियों से निपटने और खेती को टिकाऊ बनाने में मदद कर सकती है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि महोत्सव किसानों के लिए केवल प्रदर्शनी नहीं बल्कि नई जानकारियां हासिल करने और आधुनिक कृषि पद्धतियों से जुड़ने का एक उपयोगी मंच है। यहां देश-विदेश में विकसित कृषि तकनीकों, AI आधारित समाधानों और खेती में किए जा रहे नए प्रयोगों से किसानों को परिचित कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में फसल उत्पादन बढ़ाने, बेहतर कृषि नियोजन, जल संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन और टिकाऊ खेती से जुड़े विषयों पर भी विशेषज्ञों की ओर से मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों को बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खेती की रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी।
पवार ने उम्मीद जताई कि इस तरह के कृषि आयोजनों से किसानों में तकनीक के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने आधुनिक कृषि पद्धतियों को किसानों की समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राहत एवं पुनर्वास मंत्री मकरंद जाधव पाटिल, सांसद नितिन (काका) पाटिल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महिला प्रदेश अध्यक्ष वैशाली नागवडे, सातारा जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के अध्यक्ष एडवोकेट उदयसिंह पाटिल-उंडालकर, कराड नगर परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव सहित कृषि उपज मंडी समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

