Mumbai

मुंबई कोस्टल रोड (उत्तर) के काम में आएगी तेजी, महानगरपालिका आयुक्त ने किया निरीक्षण

मुंबई, 25 नवम्बर । पश्चिमी उपनगरों में ट्रैफिक की समस्या कम करने और वर्सोवा से भाईंदर के बीच सफर को तेज और आसान बनाने के लिए मुंबई महानगरपालिका की महत्वाकांक्षी मुंबई कोस्टल रोड (उत्तर) परियोजना पर काम तेज किया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त अभिजीत बांगर ने बुधवार को परियोजना के विभिन्न निर्माण स्थलों का दौरा कर कामकाज का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के साथ बैठक कर काम की रफ्तार बढ़ाने, जरूरी मशीनरी और संसाधन उपलब्ध कराने तथा तय समयसीमा में काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

यह परियोजना वर्सोवा से भाईंदर तक समुद्री तटीय मार्ग के जरिए मुंबई के पश्चिमी उपनगरों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के उद्देश्य से बनाई जा रही है। इसका निर्माण कुल सात पैकेज में किया जा रहा है, जिनमें पैकेज ए, बी, सी, डी, ई, एफ और दहिसर-भाईंदर लिंक रोड शामिल हैं।

पैकेज ए: लोखंडवाला में पुल और बिजली लाइन शिफ्टिंग पर जोर

पैकेज ए के तहत अमरनाथ टावर और कवठे खाड़ी क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अभिजीत बांगर ने काम की गति बढ़ाने के लिए मशीनरी और उपकरणों की संख्या बढ़ाने को कहा। उन्होंने अस्थायी पहुंच मार्ग और अस्थायी पुल का निर्माण एक साथ करने के निर्देश दिए, ताकि काम में देरी न हो।

लोखंडवाला इंटरचेंज पर पुल निर्माण के लिए पाइलिंग का काम शुरू हो चुका है। यहां पुल बनाने के साथ अडानी पावर की हाईटेंशन बिजली लाइन को भी दूसरी जगह स्थानांतरित करना है। बांगर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिजली लाइन शिफ्टिंग से जुड़े पाइलिंग कार्य को तुरंत शुरू किया जाए और पाइलिंग शुरू होने के 100 दिनों के भीतर इसे पूरा किया जाए। इससे मुख्य पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो सकेगा।

पैकेज बी: माइंडस्पेस मालाड में सात दिशाओं से होगा काम

पैकेज बी के तहत माइंडस्पेस मालाड इंटरचेंज का भी निरीक्षण किया गया। यहां करीब 4,000 मीटर यानी 4 किलोमीटर लंबा अस्थायी प्रवेश पुल बनाया जाना है।

अभिजीत बांगर ने निर्देश दिया कि पुल की पाइलिंग का काम एक ही जगह से करने के बजाय सात अलग-अलग दिशाओं से एक साथ शुरू किया जाए। इससे निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पुल निर्माण की प्रगति किसी भी हालत में प्रतिदिन दो मीटर से कम नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पर्याप्त मशीनरी, कर्मचारी और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध रखने को कहा गया।

पैकेज सी: चारकोप में टनल निर्माण की तैयारी तेज

पैकेज सी के तहत चारकोप में टनल निर्माण से जुड़े कार्यों का जायजा लिया गया। सबसे पहले रहेजा की जमीन पर बनने वाले रिट्रीवल शाफ्ट का निरीक्षण किया गया। बांगर ने यहां पाइलिंग का काम तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद चारकोप के लॉन्चिंग शाफ्ट का निरीक्षण किया गया। यहां फिलहाल जमीन की खुदाई का काम चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक करीब 10 मीटर गहराई तक खुदाई पूरी हो चुकी है और रोजाना लगभग 1,350 क्यूबिक मीटर मिट्टी निकाली जा रही है।

मई 2027 में शुरू होगी पहली टनल की खुदाई

परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा टनल निर्माण है। इसके लिए चारकोप में लॉन्चिंग शाफ्ट तैयार किया जा रहा है। इस शाफ्ट का निर्माण 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके बाद 1 अप्रैल 2027 से टनल बोरिंग मशीन (TBM) को जोड़ने का काम शुरू होगा। तय कार्यक्रम के मुताबिक, 31 मई 2027 से पहली टनल की खुदाई शुरू की जाएगी। इसके करीब दो महीने बाद यानी 31 जुलाई 2027 से दूसरी टनल की खुदाई शुरू करने की योजना है।

पहली टनल की खुदाई करने वाली मशीन जुलाई 2027 तक मालाड स्थित रिट्रीवल शाफ्ट तक पहुंचने की उम्मीद है। इसे ध्यान में रखते हुए अभिजीत बांगर ने मालाड के रिट्रीवल शाफ्ट का निर्माण भी जुलाई 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान अभिजीत बांगर ने स्पष्ट किया कि परियोजना के सभी पैकेजों में काम की रफ्तार बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए जहां जरूरत हो, वहां अतिरिक्त मशीनरी, कर्मचारी और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसी भी स्तर पर काम प्रभावित न हो।

मुंबई कोस्टल रोड (उत्तर) परियोजना पूरी होने के बाद वर्सोवा से भाईंदर के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। इससे पश्चिमी उपनगरों में रहने वाले लोगों को लंबी दूरी तय करने में कम समय लगेगा। साथ ही मौजूदा सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने और मुंबई के पश्चिमी हिस्से में आवागमन को अधिक सुगम बनाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।