शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 13 फीसदी बढ़कर 12.12 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचा
नई दिल्ली, 18 सितंबर। देश की अर्थव्यवस्था और सरकारी खजाने के लिए राहत देने वाली खबर है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में सरकार का शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 17 सितंबर तक 13 फीसदी बढ़कर 12.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है। अग्रिम कर संग्रह में वृद्धि से प्रत्यक्ष कर संग्रह बढ़ा है।
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के आंकड़ों के अनुसार 17 सितंबर तक सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 15 फीसदी बढ़कर 14.32 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है। वहीं, कर ‘रिफंड’ भी 29.19 फीसदी बढ़कर 2.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा। कॉरपोरेट कर संग्रह 19.48 फीसदी बढ़कर लगभग 5.56 लाख करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान गैर-कॉरपोरेट कर (व्यक्तिगत और हिंदू अविभाजित परिवार) का संग्रह छह फीसदी बढ़कर 6.16 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है। वहीं , एक अप्रैल से 17 सितंबर के बीच प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) संग्रह 53 फीसदी बढ़कर 40,214 करोड़ रुपये हो गया।
आंकड़ों के अनुसार 17 सितंबर तक अग्रिम कर संग्रह 16.18 फीसदी बढ़कर करीब 5.22 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसमें अग्रिम कॉरपोरेट कर भुगतान 18 फीसदी बढ़कर 4.16 लाख करोड़ रुपये से अधिक और गैर-कॉरपोरेट अग्रिम कर भुगतान 9.24 फीसदी बढ़कर 1.06 लाख करोड़ रुपये रहा।

