दुपहिया 2 की रिलीज डेट का ऐलान
शिवानी रघुवंशी और स्पर्श श्रीवास्तव की चर्चित वेब सीरीज ‘दुपहिया’ के दूसरे सीजन की रिलीज तारीख का ऐलान हो गया है। सोनम नायर के निर्देशन में बनी कॉमेडी-ड्रामा सीरीज का पहला सीजन पिछले साल दर्शकों के बीच आया था। इसे आईएमडीबी पर 7.4 की रेटिंग मिली थी। अब निर्माताओं ने दूसरे सीजन का पहला पोस्टर जारी करते हुए इसकी रिलीज डेट भी शेयर की है।
‘दुपहिया 2’ का प्रीमियर 1 अक्टूबर 2026 से अमेजन प्राइम वीडियो पर होगा। निर्माताओं ने पोस्टर के साथ लिखा, ‘सुनो सुनो सुनो… धड़कपुर अब अपराध मुक्त नहीं हो रहा।’ सीरीज की कहानी काल्पनिक गांव धड़कपुर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कभी अपराधमुक्त गांव के तौर पर जाना जाता था। नए सीजन में गांव के लोगों के सामने पहले से अलग और नई चुनौतियां देखने को मिलेंगी।
इस सीरीज को अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने लिखा और बनाया है। इसका निर्माण बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के बैनर तले किया गया है। दूसरे सीजन में शिवानी रघुवंशी और स्पर्श श्रीवास्तव के साथ दिनेश लाल यादव (निरहुआ), गजराज राव, रेणुका शहाणे, भुवन अरोड़ा और यशपाल शर्मा भी अपने-अपने किरदारों में नजर आएंगे।

