अमेरिका-रूस अलास्का बैठक से पहले रूस ने यूक्रेन पर हमले बढ़ाने का आरोप लगाया
रूस ने यूक्रेन पर अलास्का में 15 अगस्त को होने वाली अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन की बैठक से पहले हमले बढ़ाने का आरोप लगाया है। आज एक्स पर साझा किए गए एक बयान में, रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि पिछले एक हफ्ते में यूक्रेन की गोलाबारी और ड्रोन हमलों में 22 लोग मारे गए हैं और 105 अन्य घायल हुए हैं। रूसी विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता एलेक्सी फादेव ने रूसी क्षेत्र में हमले वाले इलाकों को चिह्नित करते हुए एक नक्शा भी साझा किया।
इससे पहले दिन में, रूसी रक्षा मंत्रालय ने यूक्रेनी सरकार पर ट्रंप और पुतिन के बीच आगामी बैठक को बाधित करने के उद्देश्य से उकसावे की योजना बनाने का आरोप लगाया। टेलीग्राम पर एक पोस्ट में, रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि कीव सरकार रूसी-अमेरिकी वार्ता को विफल करने के लिए उकसावे की तैयारी कर रही है।
दूसरी ओर, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कल कहा कि रूसी सेना यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने की तैयारी नहीं कर रही है, बल्कि ऐसी गतिविधियां कर रही है जो नए सैन्य अभियानों की तैयारी का संकेत देती हैं।

