Health/Food

ऑफिस टिफिन में कुछ टेस्टी खाने के लिए मचल रहा दिल, मिनटों में तैयार करें ये टेस्टी स्नैक्स

जब बात ऑफिस में खाने की हो, तो ज्यादातर लोग आसपास होटल, कैंटीन की तरफ रुख करते हैं और वहां से जंक फूड या स्पाइसी ट्राई करते हैं. यह सेहत के लिए आगे चलकर नुकसानदायक साबित होता है. चलिए आपको ऐसे हाई-प्रोटीन स्नैक्स के विकल्प के बारे में बताते हैं, जिन्हें आप आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं. ये हेल्दी होने के साथ- साथ आपकी सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं.

स्प्राउट्स टिक्की प्रोटीन और फाइबर से भरपूर स्नैक है. इसे अंकुरित मूंग, मिक्स स्प्राउट्स, प्याज, शिमला मिर्च और मसालों के साथ तैयार किया जाता है. एयर फ्रायर में सुनहरा होने तक पकाने के बाद इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.

पीनट एंड ओट्स कटलेट भी हेल्दी स्नैक की सूची में शामिल है. रोल्ड ओट्स, मूंगफली, उबले आलू और पनीर से तैयार ये कटलेट लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करते हैं और शाम की भूख को शांत कर सकते हैं.

नॉन-वेज खाने वालों के लिए चिकन सीख कबाब अच्छा विकल्प हो सकता है. कीमा चिकन में मसाले और हर्ब्स मिलाकर तैयार किए गए कबाब एयर फ्रायर में कम तेल में पक जाते हैं और प्रोटीन की अच्छी मात्रा प्रदान करते हैं.

मसाला टोफू क्यूब्स उन लोगों के लिए उपयुक्त हैं जो प्लांट-बेस्ड प्रोटीन लेना पसंद करते हैं. नींबू के रस और मसालों में मेरिनेट किए गए टोफू के टुकड़े एयर फ्रायर में पकने के बाद कुरकुरे और स्वादिष्ट बन जाते हैं.

एग मफिन भी ऑफिस टिफिन के लिए बेहतरीन विकल्प माने जाते हैं. अंडे, गाजर, शिमला मिर्च, चीज और हर्ब्स से तैयार ये स्नैक हल्के होने के साथ-साथ पोषण से भी भरपूर होते हैं.

एयर फ्रायर सोया चंक्स प्रोटीन से भरपूर और झटपट बनने वाला स्नैक है. उबले हुए सोया चंक्स को मसालों के साथ मिलाकर एयर फ्रायर में क्रिस्पी होने तक पकाया जाता है, जो चाय या कॉफी के साथ अच्छे लगते हैं.

रोस्टेड चना भी हेल्दी स्नैक के रूप में काफी लोकप्रिय है. उबले हुए चनों को ऑलिव ऑयल और मसालों के साथ मिलाकर एयर फ्रायर में भून लिया जाता है, जिससे यह कुरकुरा और स्वादिष्ट बन जाता है.

पनीर टिक्का बाइट्स स्वाद और पोषण का बेहतरीन मेल हैं. दही और मसालों में मेरिनेट किए गए पनीर के टुकड़ों को एयर फ्रायर में पकाकर तैयार किया जाता है, जो बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आते हैं.

मूंग दाल कटलेट इस सूची का एक और पौष्टिक विकल्प है. भीगी हुई मूंग दाल, सब्जियों और मसालों से तैयार इन कटलेट्स को एयर फ्रायर में पकाकर पुदीने की चटनी के साथ खाया जा सकता है। ये लंबे समय तक ऊर्जा बनाए रखने में मदद करते हैं.