सूरजपुर : शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, शत-प्रतिशत दाखिले पर जोर
सूरजपुर, 02 जून। आगामी शिक्षा सत्र की तैयारियों को लेकर शिक्षा एवं समग्र शिक्षा विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी ने की, जिसमें जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में नए शिक्षा सत्र के सुचारू संचालन, प्रवेश उत्सव की तैयारी तथा सभी पात्र बच्चों का समय पर विद्यालयों में शत-प्रतिशत दाखिला सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को इसके लिए रणनीति बनाकर कार्य करने को कहा गया।
समीक्षा के दौरान विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक पोर्टलों में जानकारी अद्यतन करने, कर्मचारियों की डाटा प्रविष्टि, सीजी स्कूल पोर्टल अपडेट करने तथा विद्यार्थियों की अपार आईडी शत-प्रतिशत तैयार करने पर जोर दिया गया।
विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्माणाधीन शौचालयों को 15 जून तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूल भवनों की साफ-सफाई, लिपाई-पुताई, पेयजल व्यवस्था, किचन शेड की मरम्मत और विद्युत सुरक्षा संबंधी कार्य समय पर पूरा करने को कहा गया।
बैठक में निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण, गणवेश एवं सरस्वती साइकिल वितरण, विद्युतविहीन विद्यालयों की स्थिति, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) के सर्वे तथा समर कैंप संचालन की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत असाक्षर व्यक्तियों के सर्वेक्षण तथा सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त मांगों और शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

