पिछले 21 दिनाें से बाधित जगदलपुर आने वाली सभी प्रमुख ट्रेनें 10 दिन और निरस्त रहेगी
जगदलपुर, 13 अक्टूबर ।. बस्तर और ओडिशा में पिछले महीने हुई तेज बारिश के बाद रायगढ़ा रेल मंडल में लैंड स्लाइड की घटना हो गई थी। इसके बाद से जगदलपुर आने वाली सभी प्रमुख ट्रेनें रद्द चल रही हैं। पिछले 21 दिन से सेवा बाधित है और अब रेलवे ने नया शेड्यूल जारी कर 10 दिन और ट्रेनें रद्द रहने की जानकारी दी है। इस तरह बस्तर के लिए अब मेगा ब्लॉक की स्थिति बन चुकी है।
बस्तर तक ट्रेनें नहीं पहुंचने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। सबसे ज्यादा मुश्किल उन मरीजों और उनके परिजनों को हो रही है, जिन्हें इलाज के लिए विशाखापट्टनम जाना पड़ता है। अचानक हुए भूस्खलन के कारण रेल सेवाएं प्रभावित होने से जगदलपुर से चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, ऐसे में यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, इससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं।
जगदलपुर रेलवे से मंगलवार काे प्राप्त जानकारी अनुसार लैंड स्लाइड के चलते जगदलपुर के बजाय कोरापुट स्टेशन तक लंबी दूरी की ट्रेन चलाई जा रही है। हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस 13 से 20 अक्टूबर तक कोरापुट तक आएगी। जबकि जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस 15 से 22 अक्टूबर तक कोरापुट से रवाना होगी। इसी तरह भुवनेश्वर- ईस्ट कोस्ट रेलवे के रायगड़ा रेल मंडल के अंतर्गत एमवीजी और सीटीएस स्टेशनों के बीच हुए भूस्खलन से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जगदलपुर एक्सप्रेस 13 से 20 अक्टूबर तक और वापसी में ट्रेन से 21 अक्टूबर तक जगदलपुर के बजाय कोरापुट से चलेगी। विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर को भी 13 से 20 अक्टूबर तक कोरापुट तक सीमित रखा गया है।
यात्री रेलवे के टाइम टेबल के अनुसार कोरापुट जाकर यह ट्रेनें ले सकते हैं। रेलवे ने 13 से 20 अक्टूबर तक विशाखापट्टनम-किरंदुल एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है। वहीं राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस 13 से 20 अक्टूबर और जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस 14 से 21 अक्टूबर तक निरस्त रहेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की ताजा स्थिति की जांच लें। इसके लिए स्टेशन के नोटिस बोर्ड, उद्घोषणा प्रणाली, एसएमएस और आधिकारिक माध्यमों की मदद लेने को कहा गया है।

