National

जगदलपुर में दिव्यांग छात्रों ने शिक्षकों की कमी को लेकर किया प्रदर्शन

जगदलपुर, 13 अक्टूबर। जिले के आड़ावाल स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालय में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों ने शिक्षकों की कमी को लेकर मंगलवार काे आड़ावाल बायपास मार्ग में बैठकर प्रदर्शन करने लगे। बच्चे सड़क पर ही चटाई बिछाकर प्रदर्शन के लिए बैठ गए, जैसे ही बच्चों के प्रदर्शन की खबर प्रशासन को लगी प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर समझाइश देने लगे।

दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालय दिव्यांग छात्रों का आरोप है कि, पिछले साल शिक्षा विभाग की ओर से पांच व्याख्याता स्कूल में लाए गए थे, लेकिन 04 मई को उन्हें हटा दिया गया। इसके बाद अब तक नए व्याख्याताओं की व्यवस्था नहीं हो पाई है। विषयों की पढ़ाई में लगातार परेशानी आ रही है,और वे चाहते हैं कि, जल्द से जल्द व्याख्याताओं की व्यवस्था की जाए। उनका यह भी आरोप है कि घटिया खाना दिया जाता है। अगस्त माह में बच्चे कलेक्ट्रेट तक अपनी मांगों को लेकर पहुंचे थे, आश्वासन के बाद बच्चे लौट आए थे। आश्वासन के तीन माह बीत जाने के बाद भी अब तक समस्या जस-की तस है। इसीलिए आज फिर सड़क पर उतरकर बच्चों को प्रदर्शन करना पड़ रहा है।

समाज कल्याण विभाग की अधिकारी सुचित्रा लकड़ा ने मंगलवार काे बताया कि शिक्षक की कमी है, अधिकारियों को जानकरी दी गई है। बच्चों से बात किया जा रहा है, उन्हें समझाया जा रहा है।