भारत-कनाडा ने आर्थिक साझेदारी मजबूत करने को शुरू किया व्यापार एवं निवेश मंच
नई दिल्ली, 29 मई । भारत और कनाडा ने व्यापारिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापार एवं निवेश मंच की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य दोनों देशों के व्यवसायों को एक साथ लाना है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की तीन दिवसीय (25-27 मई) आधिकारिक यात्रा के समापन के बाद वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को बताया गया है कि कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की है, ताकि दोनों देशों में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और व्यवसायों के लिए कारोबारी अवसरों को बढ़ाने वाले मजबूत परिणाम प्राप्त किए जा सकें।
मंत्रालय के अनुसार कनाडा-भारत व्यापार एवं निवेश मंच के तहत दोनों ही पक्षों ने एक महत्वाकांक्षी एवं परस्पर लाभकारी व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और इस वर्ष के अंत तक वार्ता पूरी करने के साझा लक्ष्य की पुष्टि की।
दोनों देशों ने भारत और कनाडा के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी सहमति जताई है। इसमें लोगों के बीच संपर्क, व्यापारिक सुगमता और प्रत्यक्ष वाणिज्यिक संबंध शामिल हैं, जिन्हें व्यापार एवं निवेश के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण कारक माना गया है।
कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनींदर सिद्धू सिद्धू ने पुष्टि की कि कनाडा इस वर्ष के अंत में ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ का प्रतिनिधिमंडल भारत भेजेगा। पीयूष गोयल के नेतृत्व में 150 से अधिक सदस्यों का व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल 25 से 27 मई के दौरान कनाडा गया था। इस दौरान उन्होंने व्यापार जगत के कई दिग्गजों के साथ बैठकें कीं और कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनींदर सिद्धू के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की।

