National

बलरामपुर : सांसद चिंतामणि महराज ने श्रमिकों को परोसा भोजन, योजनाओं से जुड़ने किया प्रेरित

बलरामपुर, 08 मई। निर्माण श्रमिकों के सशक्तिकरण और उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आज शुक्रवार को बलरामपुर मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम परिसर में जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष बबली देवी, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानु प्रकाश दीक्षित, श्रम अधिकारी भूपेंद्र चंद्रवंशी, जनपद सीईओ दीपराज कांत सहित बड़ी संख्या में श्रमिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सम्मेलन में श्रमिकों के सम्मान का विशेष दृश्य देखने को मिला, जहां सांसद चिंतामणि महराज और अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वयं अपने हाथों से श्रमिकों को भोजन परोसा। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों से आत्मीय संवाद भी किया। श्रमिकों ने जनप्रतिनिधियों के इस व्यवहार की सराहना करते हुए इसे सम्मान और अपनत्व का प्रतीक बताया।

सांसद चिंतामणि महराज ने कहा कि श्रमिकों के बिना विकास की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है और सुशासन व पारदर्शिता के साथ उनका लाभ श्रमिकों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने श्रमिकों से श्रम विभाग में पंजीयन कर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा ने कहा कि श्रमिकों की मेहनत और समर्पण से ही विकास कार्यों को गति मिलती है। वहीं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानु प्रकाश दीक्षित ने श्रमिक परिवारों से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और बेटा-बेटी को समान अवसर देने की अपील की।

जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर ने श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल सुरक्षा योजना, नौनिहाल शिक्षा छात्रवृत्ति योजना, श्रमिक सियान सहायता योजना, दिव्यांग सहायता योजना और प्रसूति सहायता योजना जैसी कई योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के तहत 10 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए। इनमें मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना और निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के हितग्राही शामिल रहे।

सम्मेलन स्थल पर विभागीय स्टॉल भी लगाए गए, जहां श्रमिकों को श्रम पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण, कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं तथा अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई।