LatestNational

दो भारतीय जहाज 92 हजार मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी लेकर होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुके हैं; इनके अगले सप्ताह की शुरुआत में गुजरात बंदरगाह पहुंचने की उम्मीद है।

भारतीय ध्वज वाले दो जहाज, शिवालिक और नंदा देवी, आज सुबह होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रूप से पार कर गए हैं। बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने आज शाम नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन जहाजों में 92,700 मीट्रिक टन एलपीजी लदी हुई है। सिन्हा ने आगे बताया कि ये जहाज इस महीने की 16 और 17 तारीख को मुंद्रा और कांडला बंदरगाहों पर पहुंचेंगे।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि किसी भी खुदरा दुकान या एलपीजी वितरक के यहां एलपीजी की कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में डीजल और पेट्रोल उपलब्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है। संयुक्त सचिव ने नागरिकों से एलपीजी सिलेंडरों की जल्दबाजी में बुकिंग न करने और आवश्यकता पड़ने पर ही बुकिंग करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि वाणिज्यिक सिलेंडर राज्य सरकारों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं और 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वाणिज्यिक सिलेंडरों का वितरण शुरू हो गया है। एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए विभिन्न राज्य सरकारें छापेमारी और निरीक्षण भी कर रही हैं। घरेलू सिलेंडरों की बुकिंग में उपभोक्ताओं को हो रही असुविधा के संबंध में संयुक्त सचिव ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में सिलेंडर पिछली डिलीवरी तिथि से 25 दिन बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही बुक किए जा सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से सिलेंडरों की डिजिटल बुकिंग करने और वितरकों के बाहर कतार में लगने से बचने का भी आग्रह किया।

विदेश मंत्रालय में खाड़ी मामलों के अतिरिक्त सचिव असीम महाजन ने बताया कि पिछले महीने की 28 तारीख से अब तक पश्चिम एशिया क्षेत्र से 1 लाख 72 हजार भारतीय नागरिक स्वदेश लौट चुके हैं। उन्होंने आगे कहा कि देश के विभिन्न हवाई अड्डों के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ने से हवाई संपर्क में लगातार सुधार हो रहा है। श्री महाजन ने बताया कि ओमान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर से उड़ानें संचालित हो रही हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बहरीन, कुवैत और इराक में फंसे भारतीय नागरिकों को, जहां सीधी उड़ानें उपलब्ध नहीं हैं, वीजा विस्तार और सऊदी अरब के रास्ते आगे की यात्रा के लिए ट्रांजिट वीजा प्राप्त करने में सहायता प्रदान की जा रही है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव सी. सेंथिल राजन ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही फर्जी खबरों से सावधान रहने का आग्रह किया।