FEATUREDNational

सिरगिट्टी स्थित नर्मदा ड्रिंक्स फैक्ट्री पर आयकर का छापा

बिलासपुर । बिलासपुर जिले में आयकर विभाग ने सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र स्थित नर्मदा ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री पर तड़के छापामार कार्रवाई की। यह कंपनी Coca-Cola ब्रांड के पेय पदार्थों का निर्माण करती है। कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और संभावित टैक्स चोरी से जुड़े इनपुट के आधार पर की गई बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, कंपनी का हेड ऑफिस दिल्ली में स्थित है। प्रदीप अग्रवाल इसके मालिक बताए जा रहे हैं, जबकि बिलासपुर इकाई का संचालन नवनीत अग्रवाल द्वारा किया जा रहा है। आयकर विभाग की टीम ने फैक्ट्री परिसर में दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ जारी है।

जानकारी यह भी मिल रही है कि कंपनी से जुड़े देशभर के अन्य ठिकानों पर भी एक साथ कार्रवाई की जा रही है। रायपुर डिपो के अलावा उदयपुर बेवरेज (जबलपुर) और सुपीरियर ड्रिंक्स (नागपुर) में भी आयकर टीम की जांच चल रही है।

फिलहाल फैक्ट्री के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और किसी को भी अंदर-बाहर आने की अनुमति सीमित कर दी गई है। आयकर अधिकारी आय, निवेश और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं। विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।