शासकीय बालक आदिवासी छात्रावास में शपथग्रहण एवं स्वागत समारोह का आयोजन
राजनांदगांव, 19 जनवरी । शासकीय पोस्ट मैट्रिक परियोजना बालक आदिवासी छात्रावास, बजरंगपूर नवागांव के तत्वाधान में नवनिर्वाचित छात्र संघ कार्यकारिणी का शपथग्रहण समारोह एवं नव आगंतुक छात्रों का स्वागत कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एम.आई.सी. चेयरमैन सावन वर्मा ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर मंडल अध्यक्ष सुमित सिंह भाटिया, शासकीय प्री–पोस्ट मैट्रिक परियोजना बालक छात्रावास निगरानी समिति के अध्यक्ष गेमु लाल कुंजाम, भाजपा नेत्री प्रेमा सोनकर, आदिमजाति कल्याण विभाग के उप संचालक यशवंत वर्मा, छात्रावास अधीक्षक निखिल वैष्णो एवं अम्बरीष प्रजापति उपस्थित रहे।
अतिथियों ने नवनिर्वाचित छात्र संघ पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें छात्र हित में निष्ठा व जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया। नव आगंतुक छात्रों का पुष्पगुच्छ एवं आत्मीय शब्दों के साथ स्वागत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि छात्र संघ नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है और इससे छात्रों में अनुशासन, सहयोग व सामाजिक जिम्मेदारी का भाव बढ़ता है।
कार्यक्रम की जानकारी छात्रावास के नवनियुक्त छात्र संघ सचिव प्रतीक कुमार योगी ने दी। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

