भारत-कंबोडिया द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास CINBAX-II के दूसरे संस्करण के लिए भारतीय सेना की टुकड़ी कंबोडिया के लिए रवाना हुई।
भारत-कंबोडिया द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास CINBAX-II के दूसरे संस्करण के लिए भारतीय सेना की टुकड़ी कंबोडिया के लिए रवाना हो गई है। भारतीय सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि यह अभ्यास इस महीने की 4 से 17 तारीख तक टेचो सेन, नोम थॉम मरियास प्रांत के रॉयल कंबोडियन एयर फोर्स ट्रेनिंग सेंटर (कैंप बेसिल) में आयोजित किया जाएगा।
इसमें आगे कहा गया है कि यह अभ्यास गैर-पारंपरिक वातावरण में संचालन के लिए कंपनी स्तर के संयुक्त प्रशिक्षण पर केंद्रित होगा। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अभ्यास का प्राथमिक उद्देश्य भारत और कंबोडिया की टुकड़ियों के बीच अंतर-संचालनीयता, समन्वय और परिचालन तालमेल को बढ़ाना है। इसमें यह भी कहा गया है कि यह संयुक्त अभ्यास संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा अभियान के दौरान शांति रक्षक बलों द्वारा सामना किए जाने वाले आतंकवाद विरोधी अभियानों की वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप होगा।
भारतीय सेना की टुकड़ी में 120 जवान होंगे जबकि कंबोडियाई टुकड़ी में 160 जवान होंगे। मंत्रालय ने आगे कहा कि यह अभ्यास वैश्विक शांति बनाए रखने की दिशा में दोनों देशों की क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा। इससे अर्ध-शहरी वातावरण में शत्रु बलों के खिलाफ विभिन्न अभियानों के दौरान प्राप्त सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान और परिचालन अनुभवों को साझा करने में भी मदद मिलेगी।

