विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर फ्रांस और लक्ज़मबर्ग की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए।
05 जनवरी । विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर कल रात फ्रांस और लक्ज़मबर्ग की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए। अपनी एक सप्ताह की यात्रा के दौरान, डॉ. जयशंकर पेरिस में फ्रांसीसी नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और अपने समकक्ष जीन-नोएल बैरोट से बातचीत करेंगे।
वे भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि डॉ. जयशंकर विशिष्ट अतिथि के रूप में फ्रांसीसी राजदूतों के 31वें सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, विदेश मंत्री लक्ज़मबर्ग का दौरा करेंगे, जहाँ वे लक्ज़मबर्ग के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री ज़ेवियर बेटेल और देश के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ चर्चा करेंगे। वे लक्ज़मबर्ग में भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ भी बातचीत करेंगे।

