भारत ने श्रीलंका को हराकर अंडर-19 एशिया कप फाइनल में जगह बनाई
20 दिसंबर । अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट में, भारत ने कल शाम दुबई में सेमीफाइनल में श्रीलंका पर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की और पाकिस्तान के साथ खिताबी मुकाबले के लिए जगह बनाई
बारिश से प्रभावित मैच में, जो भारी बारिश के कारण विलंबित होकर 20-20 ओवरों का कर दिया गया था, श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 138 रन पर 8 विकेट पर रोक दिया। जवाब में, भारत ने 18 ओवरों में मात्र दो विकेट के नुकसान पर 139 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे और उनके सलामी जोड़ीदार वैभव सूर्यवंशी दोनों जल्दी आउट हो गए, लेकिन विहान मल्होत्रा और आरोन जॉर्ज ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए 114 रनों की अटूट साझेदारी की। विहान ने 45 गेंदों पर 61 रन नाबाद बनाए, जबकि आरोन ने 49 गेंदों पर 58 रन नाबाद बनाए। इससे पहले, बारिश और गीले मैदान के कारण टॉस में देरी होने के बाद भारत ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने मौजूदा चैंपियन बांग्लादेश को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला कल दुबई में होगा।

