Health/Food

सर्दियों में एनर्जी और गर्माहट के लिए परफेक्ट हैं रागी लड्डू, जानें आसान रेसिपी

सर्दियों का मौसम शुरू होते ही शरीर को ज्यादा एनर्जी और गर्माहट की जरूरत महसूस होने लगती है। ठंड के दिनों में सही खानपान न सिर्फ हमें एक्टिव रखता है, बल्कि इम्युनिटी को भी मजबूत करता है। ऐसे में अगर पोषण से भरपूर किसी सुपरफूड की बात करें, तो रागी सबसे बेहतरीन विकल्पों में से एक है।

रागी बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन, आयरन और कैल्शियम होता है, जो शरीर को मजबूती देने के साथ-साथ अंदर से गर्म रखने में मदद करता है। रागी से आप रोटी, चीला, उपमा या टिक्की जैसी कई डिशेज बना सकते हैं, लेकिन सर्दियों में तुरंत एनर्जी और गर्माहट पाने के लिए रागी के लड्डू एक परफेक्ट ऑप्शन हैं।

रागी लड्डू न सिर्फ स्वाद में बेहद लाजवाब होते हैं, बल्कि इन्हें बनाना भी काफी आसान है। गुड़ और मेवों से बने ये लड्डू शरीर को तुरंत ऊर्जा देते हैं और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराते हैं। यही वजह है कि ये छोटे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। आइए जानते हैं सर्दियों के लिए स्पेशल रागी लड्डू बनाने की आसान और झटपट रेसिपी।


सर्दियों के लिए स्पेशल रागी लड्डू बनाने की आसान रेसिपी

स्टेप 1:
सबसे पहले एक कड़ाही में रागी का आटा डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। जब आटे से खुशबू आने लगे और रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तो गैस बंद कर दें।

स्टेप 2:
अब दूसरी कड़ाही में घी गर्म करें। इसमें काजू, बादाम और किशमिश डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें।

स्टेप 3:
भुना हुआ रागी आटा अब मेवों वाले घी में डालें और अच्छी तरह मिक्स करें।

स्टेप 4:
गैस बंद करके इस मिश्रण को कुछ देर ठंडा होने दें।

स्टेप 5:
अब कद्दूकस किया हुआ गुड़ पिघलाएं और उसमें ठंडा किया हुआ रागी मिश्रण डालें। साथ ही इलायची पाउडर मिलाकर अच्छे से मिक्स करें।

स्टेप 6:
मिश्रण को हल्के हाथों से गोल-गोल आकार देकर लड्डू बना लें।

स्टेप 7:
तैयार लड्डू को एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें। ये कई दिनों तक ताजे और स्वादिष्ट बने रहते हैं।