रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि रूस यूक्रेन के क्षेत्र को लेकर अपनी मांगों पर कोई समझौता नहीं करेगा।
18 दिसंबर । रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन द्वारा क्षेत्र सौंपने की अपनी मांग पर वे कोई समझौता नहीं करेंगे। रूसी रक्षा मंत्रालय की वार्षिक बैठक में अपने भाषण में पुतिन ने यूक्रेन के यूरोपीय सहयोगियों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि जरूरत पड़ने पर रूस बलपूर्वक क्षेत्र पर कब्जा कर लेगा।
उन्होंने कहा कि रूस किसी के भी सुरक्षा के अधिकार से इनकार नहीं करता, लेकिन इस बात पर जोर देता है कि उससे किए गए वादे पूरे किए जाएं, जिनमें नाटो का पूर्व की ओर विस्तार न करना भी शामिल है।
पुतिन की ये टिप्पणियां ब्रुसेल्स में इस सप्ताह होने वाले एक महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन से पहले आई हैं, जहां यूरोपीय नेता इस बात पर बहस करेंगे कि यूक्रेन को वित्त पोषण के लिए रूस की जब्त संपत्तियों का उपयोग किया जाए या नहीं।
इस बीच, यूक्रेन संकट को समाप्त करने के उद्देश्य से शांति समझौते पर चर्चा के लिए अमेरिकी और रूसी वार्ताकारों के इस सप्ताहांत मियामी, अमेरिका में बातचीत करने की उम्मीद है।

