Health/Food

सर्दियों में एनर्जी बढ़ाने का देसी नुस्खा: रागी लड्डू की आसान रेसिपी

सर्दियों का मौसम आते ही शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा और गर्माहट की जरूरत महसूस होने लगती है। ऐसे समय में डाइट में पौष्टिक और सेहतमंद चीजों को शामिल करना बेहद जरूरी हो जाता है। अगर पोषण की बात करें, तो रागी एक ऐसा देसी सुपरफूड है जो बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए फायदेमंद माना जाता है।

रागी का इस्तेमाल रोटी, चीला, उपमा और टिक्की जैसी कई रेसिपीज में किया जाता है, लेकिन सर्दियों में शरीर को जल्दी गर्मी और भरपूर एनर्जी देने के लिए रागी लड्डू एक बेहतरीन विकल्प हैं। ये लड्डू स्वाद में तो लाजवाब होते ही हैं, साथ ही इन्हें बनाना भी बेहद आसान है।

रागी लड्डू में मौजूद प्रोटीन, आयरन और कैल्शियम शरीर को ताकत देने में मदद करते हैं। वहीं, गुड़ और सूखे मेवों से बनी यह रेसिपी शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा प्रदान करती है। यही वजह है कि रागी लड्डू छोटे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के लिए एक हेल्दी स्नैक साबित होते हैं। आइए जानते हैं घर पर रागी लड्डू बनाने की आसान रेसिपी।

 सर्दियों के लिए स्पेशल रागी लड्डू की आसान रेसिपी

आवश्यक सामग्री

  • रागी का आटा

  • देसी घी

  • काजू, बादाम और किशमिश (कटे हुए)

  • गुड़ (कद्दूकस किया हुआ)

  • इलायची पाउडर

बनाने की विधि

  1. सबसे पहले एक कड़ाही में रागी का आटा डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। जब आटे से खुशबू आने लगे और उसका रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तो गैस बंद कर दें।

  2. अब दूसरी कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें काजू, बादाम व किशमिश डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें।

  3. भुना हुआ रागी आटा अब मेवों वाले घी में डालें और अच्छी तरह मिक्स करें।

  4. मिश्रण को थोड़ी देर ठंडा होने दें।

  5. इसके बाद कद्दूकस किया हुआ गुड़ पिघलाएं और उसमें रागी का मिश्रण डालकर अच्छी तरह मिलाएं। साथ ही इलायची पाउडर भी मिला दें।

  6. हल्के हाथों से मिश्रण को गोल आकार देकर लड्डू बना लें।

  7. तैयार रागी लड्डू को एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें। ये कई दिनों तक खराब नहीं होते और स्वाद भी बना रहता है।