Health/Food

भारतीयों का प्रोटीन पर्याप्त लेकिन गुणवत्ता कमजोर: सीईईडब्ल्यू की चेतावनी

 भारतीयों के भोजन में प्रोटीन की मात्रा तो पर्याप्त है, लेकिन इसकी गुणवत्ता चिंताजनक रूप से कमजोर हो रही है। काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर (सीईईडब्ल्यू) के नवीन अध्ययन के अनुसार, भारतीयों की प्लेट में मौजूद करीब 50% प्रोटीन कम गुणवत्ता वाले अनाजों—जैसे चावल, गेहूं, सूजी और मैदा—से प्राप्त होता है। यह अनुपात नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (NIN) द्वारा सुझाए गए 32% से काफी अधिक है।

2023–24 के एनएसएसओ घरेलू उपभोग व्यय सर्वेक्षण (HCES) के आधार पर किए गए इस विश्लेषण में दिखाया गया है कि भारतीय औसतन 55.6 ग्राम प्रोटीन प्रतिदिन लेते हैं, लेकिन उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन—जैसे दालें, दूध, अंडे, मछली व मांस—का सेवन लगातार घट रहा है।

प्रोटीन स्रोतों में असंतुलन

अध्ययन के अनुसार, अनाजों से मिलने वाला प्रोटीन आसानी से पचता नहीं और अमीनो एसिड प्रोफाइल भी कमजोर होता है। वहीं दालें, डेयरी उत्पाद और पशु-आधारित प्रोटीन स्रोत भारतीयों की थाली से गायब होते जा रहे हैं।
दालों की हिस्सेदारी सिर्फ 11% रह गई है, जबकि सुझाया गया स्तर 19% है।

सीईईडब्ल्यू के फेलो अपूर्व खंडेलवाल बताते हैं:
“भारत के खाद्य सिस्टम में कम गुणवत्ता के प्रोटीन पर अत्यधिक निर्भरता, तेलों और अनाजों से आने वाली अतिरिक्त कैलोरी, और विविध पोषक तत्वों की कमी एक बड़ा छुपा हुआ संकट है।”

खान-पान में अमीरी–गरीबी के बीच बड़ी खाई

खर्च करने की क्षमता के आधार पर खाद्य सेवन में भारी असमानता सामने आई है।

  • सबसे अमीर 10% आबादी, सबसे गरीब 10% के मुकाबले 1.5 गुना अधिक प्रोटीन लेती है।

  • पशु-आधारित प्रोटीन की पहुंच भी अमीरों में काफी अधिक है।

  • ग्रामीण गरीबों का दूध सेवन अनुशंसित स्तर का सिर्फ 1/3 है, जबकि अमीर वर्ग इसे 110% से ज्यादा तक पहुंचता है।

  • अंडे, मछली और मांस के मामले में भी गरीब परिवार NIN की सिफारिशों का सिर्फ 38% पूरा करते हैं, जबकि अमीर परिवार 123% से ऊपर हैं।

अनाज और तेलों पर अत्यधिक निर्भरता

भारत का आहार अब भी मुख्य रूप से अनाज और तेलों के इर्द-गिर्द है।

  • कार्बोहाइड्रेट का लगभग 75% अनाज से आता है।

  • अनाज का सेवन अनुशंसित स्तर से 1.5 गुना अधिक है।

  • मोटे अनाज—ज्वार, बाजरा, रागी—की खपत पिछले दशक में 40% गिर गई है।

  • वसा और तेल का सेवन सुझाए गए स्तर से 1.5 गुना अधिक परिवार अब दोगुने हो गए हैं।

अध्ययन बताता है कि उच्च आय वाले परिवार निम्न आय वर्ग की तुलना में लगभग दोगुना वसा का सेवन करते हैं।

फाइबर और नमक सेवन में असंतुलन

भारत में फाइबर सेवन 28.4 ग्राम से बढ़कर 31.5 ग्राम हुआ है, जो अनुशंसित स्तर (32.7 ग्राम) के पास है, लेकिन इसका प्रमुख स्रोत अनाज है, न कि फल, सब्जियां और दालें।
दोनों—शाकाहारी और मांसाहारी—श्रेणियों में हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन बेहद कम पाया गया।

नमक सेवन भी एक बड़ी चिंता है:

  • भारतीय औसतन 11 ग्राम नमक प्रतिदिन लेते हैं—जो WHO की सिफारिश (5 ग्राम) से दोगुना है।

  • इसमें से 7 ग्राम से अधिक घर के भोजन से आता है।

नीतिगत बदलाव की आवश्यकता

सीईईडब्ल्यू की रिसर्च एनालिस्ट सुहानी गुप्ता के अनुसार,
“मोटे अनाज और दालें पोषक होने के साथ पर्यावरण-हितकारी भी हैं, लेकिन इन्हें पीडीएस जैसे प्रमुख कार्यक्रमों में कम प्राथमिकता मिलती है।”

अध्ययन में सुझाव दिया गया है कि—

  • पीडीएस, पीएम पोषण, आंगनवाड़ी कार्यक्रमों में सुधार कर दालें, मोटे अनाज, दूध, अंडे, फल और सब्जियां अधिक उपलब्ध कराई जाएं।

  • पौष्टिक खाद्य पदार्थों को क्षेत्रीय खरीद से जोड़ा जाए।

  • स्कूलों और समुदायों में व्यवहार परिवर्तन अभियान चलाए जाएं।

  • पैकेज्ड प्रोसेस्ड फूड की नीति को नए सिरे से तैयार किया जाए।

समेकित प्रयासों से भारत कैलोरी-केंद्रित आहार से आगे बढ़कर संतुलित, विविध और टिकाऊ खाद्य प्रणाली की ओर बढ़ सकता है।