पीएम मोदी ने छठ महापर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश और दुनिया भर के श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने सभी व्रतियों की अटूट भक्ति को नमन किया और इस चार दिवसीय पर्व के गहन सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री ने छठ की बढ़ती वैश्विक मान्यता को भी स्वीकार किया और कहा कि दुनिया भर में भारतीय परिवार पूरे मनोयोग से इस अनुष्ठान में भाग लेते हैं।
इस अवसर पर, प्रधानमंत्री ने छठी मैया को समर्पित एक भक्ति गीत भी साझा किया और सभी को इसकी आध्यात्मिक गूंज में डूबने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कामना की कि छठी मैया सभी पर अपनी असीम कृपा बनाए रखें।
श्री मोदी ने यह भी कहा कि यह महापर्व सादगी और संयम का प्रतीक है, जिसकी पवित्रता और नियमों का पालन अद्वितीय है। उन्होंने आगे कहा कि इस पावन अवसर पर छठ घाटों पर दिखाई देने वाला दृश्य पारिवारिक और सामाजिक समरसता की अद्भुत प्रेरणा प्रदान करता है। प्रधानमंत्री ने समाज पर छठ के गहन प्रभाव पर भी प्रकाश डाला।
श्री मोदी ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, आराधना और प्रकृति प्रेम का अनूठा संगम है। उन्होंने कहा कि जहाँ एक ओर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है, वहीं छठ महापर्व का प्रसाद प्रकृति के विविध रंगों को भी समेटे हुए है। श्री मोदी ने रेखांकित किया कि ‘छठ पूजा के गीत और धुनें भी भक्ति और प्रकृति की अद्भुत भावना से ओतप्रोत हैं।’

