Made in India ऐप Mappls देगी Google Maps को कड़ी टक्कर, मिलते हैं दमदार फीचर्स जैसे 3D नेविगेशन और इनडोर मैपिंग
हाल के दिनों में देश में विकसित ऐप्स तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। Zoho की चैटिंग ऐप Arattai और ब्राउज़र Ulaa के बाद अब एक और मेड इन इंडिया ऐप चर्चा में है — Mappls। यह ऐप खासतौर पर नेविगेशन और मैपिंग के लिए बनाई गई है और इसे भारत के ही MapmyIndia ने डेवलप किया है।
Mappls को गूगल मैप्स का एक मजबूत विकल्प माना जा रहा है, और इसमें कुछ ऐसे यूनिक फीचर्स शामिल हैं जो Google Maps में भी नहीं मिलते। हाल ही में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को इस ऐप का इस्तेमाल करते देखा गया, जहां उन्होंने भारतीयों से इसे अपनाने की अपील भी की।
3D जंक्शन व्यू से आसान होती है ड्राइविंग
Mappls का सबसे खास फीचर है इसका 3D जंक्शन व्यू। इस फीचर की मदद से यूजर को ओवरब्रिज, अंडरपास और जंक्शन्स की क्लियर जानकारी मिलती है, जिससे ड्राइविंग के दौरान कंफ्यूजन नहीं होता। Google Maps में फिलहाल ऐसा कोई फीचर नहीं है, जहां यूजर को इस तरह का 3D व्यू मिल सके।
इनडोर नेविगेशन भी है उपलब्ध
Mappls में एक और यूनीक फीचर है – इनडोर नेविगेशन। यह फीचर मॉल्स, ऑफिस बिल्डिंग्स या बड़े कॉम्प्लेक्स जैसी जगहों के अंदर रास्ता ढूंढने में मदद करता है। यह सुविधा गूगल मैप्स जैसे कई ग्लोबल ऐप्स में भी नहीं मिलती।
डेटा रहेगा भारत में ही
Mappls का एक बड़ा प्लस पॉइंट यह है कि इसका सारा यूजर डेटा भारत में ही स्टोर होता है। जबकि Google और Apple जैसे प्लेटफॉर्म्स का डेटा विदेशों में स्टोर होता है, जिससे डेटा प्राइवेसी को लेकर सवाल उठते हैं।
भारतीय रेलवे और डाक से हो सकती है बड़ी पार्टनरशिप
केंद्रीय मंत्री वैष्णव के अनुसार, भारतीय रेलवे के कई सिस्टम्स में Mappls को इंटीग्रेट किया जा सकता है। इसके लिए रेलवे और MapmyIndia के बीच बातचीत चल रही है।
साथ ही, MapmyIndia ने भारतीय डाक के साथ मिलकर DIGIPIN नामक डिजिटल एड्रेस सिस्टम भी शुरू किया है। इसमें देश के हर 3.8 स्क्वेयर मीटर एरिया को एक यूनिक डिजिटल कोड दिया जाता है, जिससे किसी भी लोकेशन को पहचानना और ढूंढना आसान हो जाता है।
Mappls न केवल एक देशी विकल्प है, बल्कि यह कई ऐसे फीचर्स भी लेकर आया है जो इंटरनैशनल ऐप्स में नहीं हैं। 3D नेविगेशन, इनडोर मैपिंग और भारत में डेटा स्टोरेज जैसे एलिमेंट इसे एक भरोसेमंद और भविष्य के लिए तैयार मैपिंग सॉल्यूशन बनाते हैं।
अगर आप स्वदेशी तकनीक को सपोर्ट करना चाहते हैं और बेहतर नेविगेशन अनुभव पाना चाहते हैं, तो Mappls ऐप ज़रूर आज़माकर देखें।

